टी20 विश्वकप में 23 अक्टूबर को खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच में अंतिम ओवर में काफी विवाद हुआ था। सबसे पहले विवाद नो बॉल पर हुआ जो 20वें ओवर की चौथी गेंद थी और इस पर कोहली ने 6 रन बटोरे।
इसकी ऊंचाई को लेकर अब भी दोनों देशों के फैंस सोशल मीडिया पर आपको बहस करते कहीं न कहीं मिल जाएंगे। इस नो बॉल की वजह से अगली गेंद फ्री हिट थी। मोहम्मद नवाज की इस गेंद पर विराट कोहली बोल्ड हो गए।
यह गेंद विकेटों में लगने के बाद थर्ड मैन की दिशा में चली गई और कोहली तथा कार्तिक ने 3 रन दौड़ कर लिए। जिसके बाद एक और विवाद सामने आ गया। पाकिस्तानी समर्थकों के अनुसार यह गेंद डेड होनी चाहिए थी क्योंकि कोहली बोल्ड थे।
लेकिन सही नियम के अनुसार इसमें कोई गलती नहीं थी और इसलिए अम्पायर ने बाइज में 3 रन भारत को दिए। अब पूर्व लोकप्रिय अम्पायर साइमन टॉफेल ने भी इस पर बयान दिया है। उनके अनुसार एक फ्री हिट गेंद पर स्ट्राइक पर मौजूद बल्लेबाज बोल्ड हो ही नही सकता।
इसलिए इसे डेड बॉल करार देना नियमों के खिलाफ होता। बाइज रनों के जितने भी नियम हैं उसके अनुसार अंपायरों के इस निर्णय में कोई गलती नहीं थी। साइमन टॉफेल के इस बयान के बाद अब काफी फैन्स की परेशानी दूर हो चुकी है जो इस चीज को सही से समझ नहीं पा रहे थे।
